बोकारो: बोकारो में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब काफी तेज हो चुकी है हालात अब अपने चरम पर है। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 5000 का आंकड़ा पार कर चुकी है। 22 अक्टूबर को जारी स्टेट कोविड-19 बुलेटिन के मुताबिक 48 नए पॉजिटिव मिलने के साथ ही कुल पॉजिटिव मामले 5028 हो गए। जिले में 5 अप्रैल को चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत तेलो से पहला मामला सामने आया था। तब्लीगी जमात से लौटी 58 साल की एक महिला पहली कोरोना मरीज थी। उसके बाद से लेकर 7 मई और 19 जून तक की अवधि में बोकारो क्रमशः दो-दो बार कोरोना मुक्त हो गया था। यानी एक भी एक्टिव केस नहीं रह गए थे। लेकिन, 17 जुलाई से जो नई रफ्तार शुऱू हुई, वह लगातार बढ़ती ही चली गई। उसके बाद से हर दिन निरंतर रोज नए केस मिलते चले गए। 5 अप्रैल के बाद से लेकर 31 जुलाई तक के 117 दिनों में कुल 269 पॉजिटिव केस थे। अगस्त तक यह 5.74 गुना रफ्तार से बढकर 1545 पर पहुंच गया। फिर अगस्त से लगभग ढाई गुना ज्यादा मामले सितंबर में आए। 30 सितंबर तक कुल 3981 संक्रमित मिले। अब इस महीने अक्टूबर में भी संक्रमण की गति बढ़ती ही जा रही है। सितंबर की तुलना में 22 अक्टूबर तक 1.26 गुना अधिक 5028 केस हो गए हैं। यह एक नया आयाम है। अगस्त के बाद सितंबर और अक्टूबर के बीते 52 दिनों की अवधि मं ही तीन गुना, तो जुलाई की तुलना में बीते ढाई माह में नौ गुना संक्रमण बढ़ गया।
मौत के मामलों में भी हुई भारी तेजी, 45 ने गंवाई जान
जिले में कोरोना से मौत के मामले भी बेतहाशा बढ़े हैं। पिछले 83 दिनों में महामारी की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की तादाद तीनगुना से भी अधिक बढ़ गई है। 31 अगस्त तक मौत का आंकड़ा 14 था। 22 अक्टूबर तक यह 45 हो गया। अगस्त से मौत की रफ्तार लगभग तीनगुना दर से बढ़ती चली गई है। 31 अगस्त तक 14, 30 सितंबर तक 30 और 22 अक्टूबर तक 45 मौत के मामले सामने आ चुके हैं।
महामारी के बीच राहत भी, रिकवरी दर 93 प्रतिशत
एक तरफ जहां रोजाना भारी तादाद में जिले में नए-नए कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रिकवरी का रेट भी काफी संतोषप्रद है। महामारी को मात देकर स्वस्थ हो लौटने वालों का प्रतिशत इस महीने पिछले पांच महीनों की तुलना में सबसे बेहतर स्थिति में पहुंच चुकी है। 22 अक्टूबर तक के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बोकारो में रिकवरी रेट लगभग 93% (92.83 फीसदी) है। पिछले महीनों के इस आंकड़े पर गौर करें तो सितंबर के अंत में रिकवरी दर 86.36%, अगस्त में 63.30% और इसके पहले जुलाई में 50.18% थी।
संक्रमण के मामले में सूबे में चौथे स्थान पर पहुंचा बोकारो
कोरोना संक्रमण के मामले में बोकारो जिला राज्य में चौथे स्थान पर है। 22 अक्टूबर को जारी सरकारी कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार राज्य में सबसे अधिक मरीज 24808 रांची में मिल चुके हैं। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम में यह आंकड़ा 15896 और उसके पीछे बोकारो का पड़ोसी जिला धनबाद है। वहां अबतक कुल 6014 पॉजिटिव केस मिले हैं। जबकि बोकारो में 5028 मामले हैं। बोकारो के बाद पश्चिमी सिंहभूम का स्थान है, जहां 4266 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। राज्य में सबसे कम मामले अब भी पाकुड़ में ही हैं। वहां अबतक 840 संक्रमित मिले हैं।