वाशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका में 3 नवंबर को चुनाव होना है। इससे पहले वहां का प्रचार भारत जैसा दिखाई देने लगा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने तो सोशल मीडिया साइट ट्विटर को अपने राजनीतिक एजेंडा के अतिरंजित और झूठे प्रचार का माध्यम बना रखा है। उनके अकाउंट पर घृणा फैलाने, नस्लवाद को बढ़ावा देने वाले संदेशों की भरमार है। वे संदिग्ध अकाउंट पर आए मैसेज रीट्वीट करते हैं। ट्रम्प ऐसे संदेशों के जरिये श्वेत राष्ट्रवादियों, मुस्लिम विरोधी प्रोपेगंडा का समर्थन करते हैं। विपक्षी डेमोक्रेटिक राजनेताओं के खिलाफ अफवाहें फैलाने वाले मैसेज आगे बढ़ाते हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन के समर्थकों ने प्रभावशाली भारतीय मूल के अमेरिकियों तक पहुंच बनाने के लिए हिंदी सहित 14 भाषाओं में अभियान शुरू करने की गुरुवार को घोषणा की। उदाहरण के लिए बिडेन की प्रचार अभियान टीम ने अमेरिका का नेता कैसा हो, जो बिडेन जैसा हो चुनावी नारा तैयार किया है। यह नारा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के एक लोकप्रिय चुनावी नारे की तर्ज पर बनाया गया है।
इसके अलावा पंजाबी, तेलुगु, बंगाली, उर्दू, कन्नड़ मलयाली सहित दूसरी भारतीय भाषाओं में भी कई नारे तैयार किए गए हैं। राष्ट्रपति पद के चुनाव 3 नवंबर को होने हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी बाइडेन रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती दे रहे हैं। दरअसल, विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने भारतीय भाषाओं में यह चुनावी नारा तब दिया है जब चार साल पहले 2016 में ट्रंप के चुनावी नारे अबकी बार, ट्रंप सरकार को काफी सफलता मिली थी। यह नारा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के चुनावी नारे अबकी बार, मोदी सरकार की तर्ज पर तैयार किया गया था।
बिडेन के चुनाव प्रचार के लिए राष्ट्रीय वित्त समिति के सदस्य अजय भुटोरिया ने कहा कि उनका प्रचार अभियान भारतीय मूल के अमेरिकी मतदाताओं से उनकी ही भाषा में संवाद करने की योजना बना रहा है। अभी वह 14 से अधिक भाषाओं में संवाद करने के लिए बिडेन एशियन अमेरिकन एंड पैसिफिक आइलैंडर (एएपीआई) टीम के साथ समन्वय कर रहे हैं। भुटोरिया ने माना कि यह पहल भारत से प्रेरित है, जहां चुनाव आकर्षक नारों और लाउडस्पीकरों पर बॉलीवुड के बजते गानों के साथ होने वाली रैलियों के बीच सामुदायिक जश्न होते हैं। अमेरिका का नेता कैसा हो, जो बिडेन जैसा हो नारा देश में भारतीय मूल के अमेरिकियों में वैसा ही जोश पैदा करने के लिए बनाया गया है।