मुंबई (एजेंसी)। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में जल्दी रिकवरी के आसार नहीं होने और डॉलर के कमजोर पड़ने से भारत सहित वैश्विक बाजारों में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दखी गई। घेरेलू बाजार मे वायदा सोना और खरा सोना दोनों की कीमतों में उछाल आया, लेकिन कीमतों में तेजी की दर अंतरराष्ट्रीय बाजारों के मुकाबले कम रही। मल्टीपल कमॉडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में शुक्रवार को अक्टूबर का वायदा सोना की कीमत 0.4 फीसदी ऊपर चढ़कर 52,345 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया।
वहीं चांदी वायदा 1,000 रुपए की बढ़त के साथ प्रति किलोग्राम 68,579 रुपए तक पहुंच गया। स्पाट गोल्ड की घरेलू बाजार में कीमत प्रति 10 ग्राम 52 हजार रुपए रही। गुरुवार को यह 51,990 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं आज चांदी की कीमत 67,600 रुपए प्रति किलोग्राम रही। पिछले दो दिनों में भारत में सोने की कीमतों में प्रति 10 ग्राम 1500 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि चांदी करीब 1,650 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हुई थी। आज दोनों कीमती घातुओं की कीमतें बढ़ी हैं। कमजोर अमेरिकी डॉलर की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।